वोट बचाओ,देश बचाओ उद्घोष के साथ निकाली न्याय यात्रा
-गल्ला मंडी में इकट्ठा हुए कांग्रेस के बड़े नेता
-पांच स्थानों पर हुआ यात्रा का भव्य स्वागत
ख़बर तफ्तीश,रुद्रपुर।
कांग्रेस के केंद्रीय नेतृत्व के आह्वान पर निकली न्याय यात्रा की शुरुआत गल्ला मंडी से हुई और मुख्य मार्गो से होते हुए गदरपुर विधान सभा के लिए रवाना हुई। इस दौरान कांग्रेस के कई बड़े नेताओं की मौजूदगी में यात्रा शुरू हुई और कांग्रेस प्रदेश प्रभारी ने भी कार्यकर्ताओं में उत्साह भरते हुए धामी सरकार पर तीखे प्रहार किए। इस दौरान वोट बचाओ देश बचाओ के उद्घोष के साथ न्याय यात्रा की शुरुआत हुई।
शनिवार की सुबह ग्यारह बजे कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य,उपनेता प्रतिपक्ष विधायक भुवन कापड़ी,पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा,सीएल पी मेंबर प्रकाश जोशी,रंजीत रावत,कांग्रेस जिलाध्यक्ष हिमांशु गाबा व महानगर अध्यक्ष ममता रानी की मौजूदगी में कार्यकर्ता गल्ला मंडी में इकट्ठा हुए। वहां से न्याय यात्रा की शुरुआत हुई और शुरुआती दौर में यात्रा में भीड़ नहीं दिखी और शहर के पांच स्थानों पर कार्यकर्ताओं द्वारा पुष्प वर्षा के साथ यात्रा का स्वागत किया। न्याय यात्रा गल्ला मंडी, मुख्य बाजार,गांधी पार्क,अग्रसेन चौक से होते हुए गदरपुर विधानसभा की तरफ रवाना हुई। इस मौके पर पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल,मोहन खेड़ा,प्रदेश महामंत्री संदीप चीमा,योगेश चौहान,हरीश पनेरू,अरुण कुमार शुक्ला,प्रीति साना,मोनिका ढाली आदि मौजूद रहे।
——————–
कोड
बोली शैलजा:-अब जनता को मिलेगा न्याय
रुद्रपुर। कांग्रेस प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा ने कहा कि जनता की उम्मीदों पर खरी उतरने में धामी सरकार विफल हो चुकी है और बेटी बचाओ,बेटी पढाओ का नारा सार्थक नहीं हुआ। जहां अंकिता भंडारी हत्याकांड के वीआईपी को बचाने के बाद मोदी सरकार ने आरोपी वीआईपी को सिक्किम का राज्यपाल बनाकर सम्मानित किया। वहीं इंसाफ की लड़ाई लड रहे माता पिता को प्रताड़ित किया जा रहा है। इन सभी मुद्दों को लेकर कांग्रेस ने न्याय यात्रा निकाली और अब कांग्रेस जनता को न्याय दिलाएंगी और प्रदेश को भाजपा मुक्त करेगी।
—————–
कोड
बोले यशपाल:-देवभूमि का हो रहा लगातार अपमान
रुद्रपुर। नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने कहा कि प्रदेश की धामी सरकार और केंद्र की मोदी सरकार मिलकर उत्तराखंड के जल,जंगल और जवानी को बर्बाद कर चुके है और प्रदेश में भ्रष्टाचार,महिलाओं का उत्पीड़न, अफसरशा ही हावी हो चुकी है। जिसका मुख्य कारण वोट चोरी है। वोट चोरी कर भाजपा सत्ता कब्जा रही है और फिर लगातार देशभूमि को अपमानित कर रही है। जिसे अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और राष्ट्रीय नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस संघर्ष करेगी।
——————–
कोड
नहीं जुटी भीड़,खुलकर सामने आई गुटबाजी
रुद्रपुर। कांग्रेस की न्याय यात्रा में एक बार फिर गुटबाजी खुलकर सामने आई । हुआ यू कि जैसे ही गल्ला मंडी से न्याय यात्रा की शुरुआत हुई। वैसे ही भीड़ का कोई भी नामोनिशान नहीं था और कांग्रेस नेता मोहन खेड़ा चंद कार्यकर्ताओं के साथ बाइक रैली निकाल रहे थे। थोड़ी दूर भगत सिंह चौक पर पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने थोडी कार्यकर्ताओं की भीड़ दिखाई और यात्रा आगे बढ़ी। तो बंगाली कांग्रेस नेता परिमल राय भी युवा बंगाली समुदाय के साथ इकट्ठा स्वागत करते हुए दिखाई दिए। बावजूद इसके स्थानी य कांग्रेस नेता ऐतिहासिक भीड़ होने दम भर रहे थे। उम्मीद अनुसार भीड़ दिखाई नहीं दी और सुगबुगाहट का दौर शुरु हो गया।
——————-
कोड
नाराज या फिर शैलजा का था स्वास्थ्य खराब
रुद्रपुर। हुआ यूं कि जैसे ही गल्ला मंडी से न्याय यात्रा की शुरुआत हुई और कार्यकर्ता प्रदेश प्रभारी शैलजा को रथ पर लाने के लिए पहुंचे। तो उन्होंने इंकार कर दिया और यात्रा में एक बार भी रथ पर नहीं बैठी। बीच-बीच में वह जरुर स्वागत कर रहे कार्यकर्ताओं से मिली। जिसे देखकर सुगबुगाहट का दौर शुरू हुआ। किसी का मानना था कि भीड़ नहीं होने के कारण शायद प्रदेश प्रभारी नाराज है और कुछ का दावा था कि उनकी तबीयत ठीक नहीं है।
———————
