लेह लद्दाख में तैनात फौजी की हार्ट अटैक से मौत

-छुट्टी पर घर आया हुआ था फौजी भवान
-पूर्व विधायक सहित ग्रामीणों में गहरा शोक
खबर तफ्तीश,रुद्रपुर।
लेह लद्दाख में तैनात एक फौजी की हृदय गति रुक जाने के कारण मौत हो गई। बताया कि फौजी कुछ दिन पहले ही अपने घर छुट्टी पर आया था। फौजी की मौत से परिवार में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड गई। रेजिमेंट को पता चलते ही सैन्य सम्मान के साथ फौजी का दाह संस्कार किया गया। जहां पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने पार्थिव शरीर को कंधा देकर शोक व्यक्त किया ।
बताते चले कि गांव कीरतपुर स्थित एकता बिहार कॉलोनी निवासी 41 वर्षीय भवान सिंह भंडारी भारतीय सेना की फील्ड रेजिमेंट में लेह लद्दाख में तैनात थे और कुछ दिन पहले ही छुट्टी पर अपने घर आए हुए थे। रविवार की रात्रि तीन बजे अचानक फौजी को सीने में तेज दर्द होने की शिकायत हुई। तो परिवार के लोग आनन फानन में अस्पताल ले गए। जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक तौर पर डॉक्टरों का मानना था कि मौत का कारण हार्ट अटैक है। जिसकी सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले की जानकारी ली और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। सुपूदगी होने के बाद सोमवार को रेजीमेंट के जवानों द्वार फौजी के शव को रुद्रपुर पोस्टमार्टम हाउस से उनके घर कीरतपुर लाया गया। जिसे देखकर परिवार में कोहराम मच गया और पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल भी आवास पहुंचे और फौजी के पार्थिव शरीर को कंधा देकर शोक व्यक्त किया। दिवंगत फौजी का दाह संस्कार हल्द्वानी के चित्र शिला घाट पर सैन्य सम्मान के साथ किया गया। बताया कि फौजी के दो बच्चे है और गांव में अपना भरा पूरा परिवार भी है। फौजी की मौत से पूरा गांव सदमे में है और आवास पर लोगों की भीड़ जमा है। —————–