प्राचीन वैष्णो देवी मंदिर में हुआ अष्टमी महापर्व श्रद्धा

-भक्तों का लगा रहा तांता, हुई पूजा

-ब्रह्मलीन माँ हंसेश्वरी भारती को किया नमन

खबर तफ्तीश रूदपुर।

शहर की आदर्श कॉलोनी स्थित वैष्णवी शक्ति पीठ आश्रम (प्राचीन श्री वैष्णो देवी मंदिर) में अष्ठमी महापर्व श्रद्धा,भक्ति एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस पावन अवसर पर अनंत विभूषित वैष्णवी शक्ति पीठाधीश्वरी, ब्रह्मलीन माँ हंसेश्वरी भारती जी महाराज (स्वर्ग फार्म वाली देवी की तपस्थली पर दर्शन, हवन, विशाल भंडारे एवं भव्य माँ भगवती जागरण हुआ।

कार्यक्रम दोपहर 12 बजे पूज्य माँ जी की तपस्थली के पट श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोले गए, जहाँ भक्तों ने माँ की पावन तपस्थली के दर्शन कर आध्यात्मिक शांति एवं आशीर्वाद का अनुभव किया। इसके पश्चात विधि-विधान से हवन-यज्ञ संपन्न हुआ। जिसमें श्रद्धालुओं ने आहुतियां अर्पित कर परिवार, समाज एवं समस्त विश्व की सुख-समृद्धि और कल्याण की कामना की। तत्पश्चात आयोजित विशाल भंडारे में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। रात्रि में वैष्णो भजन मंडल के तत्वावधान में विशाल माँ भगवती जागरण का आयोजन किया गया, जिसमें रुद्रपुर सहित दूर-दराज के क्षेत्रों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने माँ के दरबार में शीश नवाकर आशीर्वाद प्राप्त किया। जागरण का शुभारंभ माँ भगवती के पारंपरिक आह्वान, श्री गणेश वंदना, पुष्पवर्षा एवं गुरु वंदना के साथ हुआ। इसके पश्चात भजन गायकों ने माँ भगवती की महिमा का गुणगान करते हुए एक से बढ़कर एक सुंदर भेंटें प्रस्तुत कीं, जिसमें सुन नगरकोट की रनिए , दिल करदा, मेरी भी सुनो हे मात भवानी , जो भी दरबार में आया , आये नवरात्रे, राधा रानी कृपा किजिये, तेरा दरबार सोना सहित अनेक भजनों की पेशकश हुई ।जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। इस अवसर पर मुरादाबाद से पधारे भजन सम्राट श्री पप्पू चावला जी ने माँ भगवती के चरणों में अपनी भावपूर्ण भेंटें अर्पित कर श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। अन्य भक्तों ने भी माँ के दरबार में अपनी हाजिरी लगाकर आयोजन की भव्यता बढ़ाई। जागरण के दौरान माँ भगवती की महिमा का गुणगान पूरी रात तक चलता रहा तथा प्रातःकालीन बेला में तारा रानी की पावन कथा एवं इतिहास का सुंदर वर्णन किया गया। इसके पश्चात माँ भगवती की आरती संपन्न हुई और श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। इस पावन अवसर पर अनंत प्रेम आश्रम से निष्ठानंद बाई, भूरारानी आश्रम से कंचन बाई जी, पंडित मयंक उपाध्याय, महंत भजन खुराना, श्याम खुराना, विधायक शिव अरोरा, पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे। सभी श्रद्धालुओं ने माँ भगवती के चरणों में नमन करते हुए लोककल्याण, सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना की। अष्टमी महापर्व का यह भव्य आयोजन धार्मिक आस्था, सेवा, समर्पण एवं सामाजिक एकता का प्रतीक बना और माँ के जयकारों के साथ श्रद्धा एवं भक्तिमय वातावरण में संपन्न हुआ। ॥

—————–+++