विमला की मौत के बाद भड़के कांग्रेसियों ने किया प्रदर्शन

-नैनीताल हाईवे स्थित कट खोलने और फुट ओवर ब्रिज के निर्माण की उठाई मांग
-13 जून की रात्रि रैलिंग कूदकर जा रहा थी महिला, जेसीबी ने रौंदा
ख़बर तफ्तीश रुद्रपुर
13 जून की रात्रि को नैनीताल हाईवे विशाल मेगा मार्ट के सामने स्थित रैलिंग कूदकर सड़क पार कर रही विमला नाम की महिला की दर्दनाक मौत के बाद कांग्रेसियों का गुस्सा भड़क गया। उन्होंने डीएम कार्यालय का घेराव कर कट खुलवाने और फुट ओवर ब्रिज के निर्माण की मांग उठाई। नाराज कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि अगर जल्द कोई सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई तो कांग्रेस पार्टी आम जनता के साथ सड़कों पर उतरकर जनआंदोलन करने को बाध्य होगी।
यहां बता दें कि 13 जून की रात्रि 9 बजे गांव खुरुड़ी भिकियासैंण हाल निवासी सिविल लाइन की रहने वाली 29 वर्षीय अपनी छह साल की बच्ची के साथ बहन के घर से लौट रही थी कि नैनीताल हाईवे विशाल मेगा मार्ट के सामने कट बंद होने के कारण वह डिवाइडर पर लगी लोहे की रेलिंग कूदकर सड़क पार कर रही थी। इस बीच अचानक जेसीबी संख्या यूके-04 एएल-1647 ने महिला को रौंद दिया और उसकी दर्दनाक मौत हो गई। सड़क हादसा सोशल मीडिया में इतना वायरल हुआ कि कांग्रेस सहित स्थानीय लोगों में भी काफी रोष देखने को मिला।
मंगलवार को कांग्रेस नेता संजय जुनेजा और मोहन खेडा के साथ कार्यकर्ता डीएम कार्यालय पहुंचे और नारेबाजी करते हुए डीएम को संबोधित ज्ञापन प्रभारी कलेक्ट्रेट को सौंपा। उनका कहना था कि नैनीताल हाईवे स्थित बंद कट सिविल लाइन, डॉक्टर कॉलोनी के अलावा रविंद्रनगर और आवास विकास इलाके में चौतरफा संपर्क मार्ग है और कट बंद होने के कारण अक्सर लोग लंबा रास्ता घूम कर जाते हैं। यही कारण है कि जल्दी घर पहुंचने के चक्कर में विमला नाम की महिला की दर्दनाक मौत हो गई।
उन्होंने आगाह किया कि यदि जल्द ही प्रशासन ने कट खुलवाकर छोटा सा रास्ता नहीं खोला और फुट ओवर ब्रिज का निर्माण नहीं कराया तो कांग्रेस उग्र आंदोलन करेगी। इस अवसर पर पार्षद गौरव खुराना, पार्षद जितेश शर्मा, पार्षद इंद्रजीत सिंह, पार्षद गौरव गिरी, महिला कांग्रेस अध्यक्ष मोनिका ढाली, सरोज शर्मा, अनंत विश्नोई, अर्जुन विश्वास, पार्षद बाबू खान, मोहन कुमार, राकेश अधिकारी, सेवा राम दिवाकर, जगदीश कर्मकार, राजेंद्र मिश्रा, पार्षद राजू कोली, विक्रम जीत विर्क, विजय पुजारा, कमल चुघ, निशान शाही, राकेश कोली, सतनाम सिंह, विकास मल्लिक समेत कई कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
इनसेट-
रोते-बिलखते बच्ची की हुई वीडियो वायरल
रुद्रपुर। स्थानीय लोगों के अलावा कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उस वक्त ज्यादा रोष भड़क गया। जब एक सोशल मीडिया फेसबुक पेज पर एक युवक ने वह मार्मिक वीडियो वायरल की। जो 13 जून को सड़क हादसे की थी। रात का समय था और छह साल की बच्ची अपनी मां के खून से लथपथ शरीर से लिपटकर रो रही थी और बार-बार मम्मी उठो, मम्मी उठो बोल रही थी। पापा तुम कहां हो और अंकल मम्मी के सिर से खून क्यों निकल रहा है जैसे विलाप कर रही थी। वीडियो वायरल होते ही कांग्रेस नेताओं ने मुद्दा उठाया और डीएम कार्यालय घेराव का निर्णय लिया।
इनसेट-
ठुकराल बोले-वास्तव में बेहद खतरनाक है रैलिंग
रुद्रपुर। 13 जून को विमला की दर्दनाक मौत के पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने घटनास्थल नैनीताल हाईवे का मौका मुआयना किया और कट बंद डिवाइडर पर लगी लोहे की रेलिंग फांद कर हाईवे पार किया। साथ ही जब वह पैदल चलकर सिविल लाइंस की तरफ गए तो ठुकराल को काफी लंबा रास्ता अख्तियार करना पड़ा। जिसके बाद ठुकराल ने कहा कि वास्तव में रोज तमाम लोग रैलिंग कूदकर अपनी जान को दांव पर लगा रहे हैं। कारण यह लोगों की मजबूरी भी है। जिस किसी को हाईवे के दूसरे छोर जाना होगा तो उसे लंबा रास्ता अख्तियार करना पड़ेगा। ठुकराल ने भी प्रशासन से फौरन कट खोलने का मुद्दा उठाया। ताकि लोग सुगम और सुरक्षित रास्ता अपना सके।