Headlines

शराब का तिलिस्म:-जमीन में दफन मिले नीले-सफेद ड्रम

शराब का तिलिस्म:-जमीन में दफन मिले नीले-सफेद ड्रम
-सास-बहू गिरफ्तार,कच्ची शराब बरामद
-रम्पुरा बस्ती स्थित घर में पुलिस का छापा
खबर तफ्तीश,रुद्रपुर।
घनी आबादी वाले वार्ड-रम्पुरा बस्ती में कच्ची शराब माफिया सास-बहू ने शराब छिपाने का ऐसा अनोखा रास्ता निकाला कि छापेमारी के दौरान पुलिस भी हैरान रह गई। अभियुक्त द्वारा कमरे के अंदर स्थित फर्श खोदकर उसके अंदर नीले-सफेद ड्रम दफन किया हुआ था। पुलिस ने मौके से कई कच्ची शराब की थैलियां बरामद करते हुए सास-बहू को गिरफ्तार कर लिया।
मंगलवार की दोपहर को कोतवाली एसएसआई अनिल जोशी और रम्पुरा चौकी प्रभारी पंकज कुमार की मौजूदगी में संयुक्त टीम गठित हुई और पुलिस ने रम्पुरा बस्ती स्थित चर्चित महिला शराब माफिया के घर पर छापामार कार्रवाई की। काफी छानबीन के बाद पुलिस को कुछ नहीं मिला,लेकिन जैसे ही पुलिस ने कमरे के अंदर रखा सोफा हटाया। तो फर्श के अंदर नीले-सफेद रंग के ड्रम ढक्कन के साथ दबे दिखे। जैसे ही पुलिस ने ढक्कन खोला। तो एक ड्रम में कच्ची शराब की थैलियां दिखाई दी। जिसे देखकर पुलिसकर्मी भी हैरान रह गए,क्योंकि शराब बेचने का यह नायाब तरीका चर्चा का विषय बन गया। पुलिस ने मौके से 52 कच्ची शराब की थैलियां बरामद की और जागवती देवी और हीरा देवी को गिरफ्तार कर लिया। प्रारंभिक जांच में पता चला कि पकड़े गई महिला शराब माफिया सास-बहू है और इलाके में वर्षो से कच्ची शराब बेचने का धंधा करती है। यह भी पता चला कि कई बार पुलिस ने छापामार कार्रवाई की,लेकिन जमीन में दफन शराब को नहीं पकड़ पाई थी। पुलिस ने अभियुक्तों के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर लिया है।
——————-
कोट
गच्चा देने के लिए रखा था सोफा
रुद्रपुर। रम्पुरा बस्ती में चर्चित महिला शराब माफिया सास-बहू इतनी शातिर थी कि पुलिस को गच्चा देने के लिए जमीन के नीचे दो ड्रम दबा कर रखे हुए थे। मौका मुआयना करने पर पता चला कि मकान के अंदर एक छोटी सी बैठक बना रखी है। छोटा कमरा होने के कारण एक सोफा भी पडा था और सोफे के नीचे ही नीले और सफेद रंग का ड्रम भी दबा हुआ था। जिसमें रात के अंधेरे में कच्ची शराब से भर दिया जाता था और शराब की थैलियां धीरे-धीरे बाहर निकालकर बेची जाती थी। पुलिसकर्मियों में चर्चा यह भी थी कि कई बार आबकारी व पुलिस ने दबिश दी,लेकिन सोफा शक नहीं होने देता था।
———————-
कोट
सास-बहू दिखाते रहे शराफत का ढोंग
रुद्रपुर। पुलिस और आबकारी के बढ़ते दबाव के कारण शराब माफिया सास-बहू ने घर के सामने ही एक सब्जी का ठेला लगाया हुआ था और लोगों को यह दिखाने की कोशिश करते रहे कि सास-बहू सब्जी बेचकर अपनी जीविका चलाते है। जब भी पुलिस कार्रवाई करती। तो सब्जी बेचने की बात कहकर अभियुक्त शराफत का ढोंग करते रहे। यह भी बताया जा रहा है कि जब कोई ग्राहक आता था,तो सब्जी के बीच से शराब की थैली निकालकर बेच दी जाती थी और शराबियों को हिदायत थी कि यदि थैली खरीदने की बात किसी को बताई। तो शराब नहीं दी जाएंगी।
—————–
कोट
एसएसपी ने लिया वीडियो का संज्ञान
रुद्रपुर। बताया जा रहा है कि किसी व्यक्ति द्वारा शराब विक्रेता के घर की एक वीडियो बनाई थी। जिसमें सास-बहू शराबी को परिचित बता कर अंदर बुलाती थी और फौरन एक गिलास,चखने के तौर पर अचार और शराब की थैली देती थी। जहां शराबी चुपचाप शराब पीकर बाहर निकल जाता था। वीडियो एसएसपी को भेजी जाती है और एसएसपी अजय गणपति कुंभार ने अधीनस्थों को गोपनीय दबिश देने का आदेश दिया और पुलिस ने दबिश देकर शराब बेचने का तहखाना ढूंढ निकाला।
——————–

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *