ऑपरेशन प्रहार में बड़ी सफलता:एक लाख का ईनामी योगेश गिरफ्तार
–अभियुक्त पर दर्ज हैं 46 आपराधिक मामले
-थाना आईटीआई काशीपुर ने पकड़ा
खबर तफ्तीश,रुद्रपुर।
ऊधमसिंहनगर पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए उत्तर प्रदेश के एक लाख रुपये के इनामी गैंगस्टर योगेश मलिक उर्फ भदौरिया को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से एक .315 बोर का अवैध तमंचा और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। उसके खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, गैंगस्टर एक्ट समेत 46 से अधिक संगीन आपराधिक मुकदमे विभिन्न जिलों में दर्ज हैं।
पुलिस के अनुसार बुधवार को डायल-112 के माध्यम से सूचना मिली कि चैती मेला मार्ग पर एक संदिग्ध व्यक्ति घूम रहा है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देश पर कोतवाली आईटीआई पुलिस टीम ने पुरानी चौकी चैती के पास स्थित खंडहर के निकट घेराबंदी कर संदिग्ध को दबोच लिया। पूछताछ में उसकी पहचान योगेश मलिक उर्फ भदौरिया (53) निवासी ग्राम भदौड़ा, थाना रोहटा, जनपद मेरठ के रूप में हुई।
तलाशी के दौरान आरोपी के पास से एक .315 बोर का तमंचा और तीन जिंदा कारतूस बरामद होने पर उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार किया गया। बाद में अन्य राज्यों की पुलिस से समन्वय करने पर पुष्टि हुई कि वह उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा घोषित एक लाख रुपये का इनामी गैंगस्टर है और थाना गंगोह, सहारनपुर के एक पुराने मामले में भी लंबे समय से वांछित चल रहा था।
पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ मेरठ, बुलंदशहर, बागपत, गाजियाबाद और सहारनपुर समेत विभिन्न जनपदों में हत्या, हत्या के प्रयास, गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट, लूट और रंगदारी जैसे गंभीर अपराधों के 46 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब उसके विस्तृत आपराधिक इतिहास की जांच कर संबंधित राज्यों की पुलिस को आवश्यक सूचना उपलब्ध करा रही है।