जीजा का हुक्म:-22.500 किलोग्राम गांजे साथ साला गिरफ्तार
-साला रामपुर से ला रहा था गांजे की खेप
-ए.एन.टी.एफ ने न्यायालय में किया पेश
ख़बर तफ्तीश रुद्रपुर।
-एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स यूनिट ने गांजे की बड़ी खेप के साथ एक सौदागर को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में पता चला कि अभियुक्त के जीजा ने ही साले को रामपुर से गांजा लाने का हुक्म दिया और साला भी जीजा के हुक्म का पालन करते हुए गांजा लाते हुए पुलिस की गिरफ्त में आ गया। पुलिस ने अभियुक्त के खिलाफ एनडीपीएस का मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश कर दिया है।
जानकारी के अनुसार 17 जुलाई की देर शाम को ए.एन.टी.एफ दरोगा सुरेंद्र प्रताप बिष्ट अपनी टीम के साथ काशीपुर से रुद्रपुर की तरफ आने वाले वाहनों की चेकिंग कर रहे थे कि तभी स्कूटी संख्या यूके 06 बीएन 2464 सवार युवक आता हुआ दिखाई दिया। पुलिस को देखकर वह भागने की कोशिश कर रहा था कि ए. एन.टी.एफ ने पीछा कर युवक को पकड़ लिया। स्कूटी के आगे रखे कट्टे को खोला। तो उसके अंदर 22.500 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में युवक ने अपना नाम सुशील कुमार साहनी निवासी सरस्वती विहार भुरारानी बताया। पूछताछ में बताया कि उसके जीजा भुरारानी निवासी राकेश साहनी उर्फ पेटर ने ही उसे रामपुर गांजा लाने के लिए भेजा था। यह भी पता चला कि अभियुक्त का जीजा इससे पहले भी मादक पदार्थो की तस्करी करता है और पकड़ा गया गांजा भी जीजा ही बेचता है। ए.एन.टी.एफ ने अभियुक्त के खिलाफ एनडीपीएस का मुकदमा पंजीकृत कर न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया है और अभियुक्त के जीजा की भी सरगर्मी से तलाश तेज कर दी है। साथ ही जीजा-साले का आपराधिक इतिहास खंगालने में जुट गई है।
——————–