कई मांगों को लेकर डिलीवरी ब्वॉय ने शुरु की हड़ताल
-देर रात्रि हंगामे के बाद कामकाज पड़ा ठप
-ब्लिंग किट कंपनी का है मामला,वार्ता शुरू
खबर तफ्तीश रुद्रपुर।
नामी मार्केटिंग सप्लाई कंपनी पर भेदभाव करने का आरोप लगाते हुए डिलीवरी कर्मियों ने देर रात्रि कार्यालय के सामने जमकर हंगामा काटा और सुबह होने तक सभी स्टोर पर ताले लगा दिए और हड़ताल शुरू करते हुए कामकाज ठप कर दिया। इस दौरान सेल्स मैनेजर के काफी समझाने के बाद भी कर्मी नहीं माने और समाजसेवी सुशील गाबा ने भी अपना समर्थन देते हुए कर्मियों की मांगों को जायज ठहराया।
गुरुवार की देर रात्रि अचानक ब्लिंग किट कंपनी के डिलीवरी ब्वॉय मलिक कॉलोनी स्थित कार्या लय पर इकठ्ठा हुए और प्रोत्साहन राशि बढ़ाने,ग्राहक के लिए पर्याप्त पेपर बैग मुहैया कराने सहित मूलभूत सुविधाओं का मुद्दा उठाते हुए जमकर हंगामा काटा और शुक्रवार की सुबह होते ही शहर के कई स्थानों पर बने कार्यालय पर ताले लगा दिए और रविंद्र नगर स्थित दूसरे कार्यालय पर भी धरना प्रदर्शन किया। उनका आरोप था कि भीषण गर्मी में डिलीवरी कर्मी मेहनत करते है और कंपनी ने एक बार भी प्रोत्साहन राशि को नहीं बढाया। साथ ही ग्राहम से पूरा पैसा लेने के बाद पर्याप्त पेपर बैग भी मुहैया नहीं कराएं। समर्थन में उतरे समाजसेवी सुशील गाबा ने बताया कि महज एक स्टोर से प्रतिदिन 2500 ऑर्डर आते है। प्रत्येक ऑर्डर पर आठ रुपये का कैरी बैग का चार्ज लिया जाता है,लेकिन स्टोर 1500 बैग देती है और एक हजार ग्राहक को खुले में खाद्य पदार्थ मुहैया कराती है। जिस कारण महिलाओं को भी काफी परेशानी होती है। इसके अलावा चौबीस घटे काम करने पर स्वास्थ्य बीमा,रोजगार की कोई गारंटी नही है और मामूली रेटिंग गिरने पर कर्मी की कमाई भी कम और आईडी बंद हो जाती है। बावजूद इसके डिलीवरी कर्मी अक्सर हादसे का शिकार भी होते है। ऐसे में कंपनी को कर्मियों की जायज मांगों को पूरा करना चाहिए और कर्मियों को प्रोत्साहन राशि भी देनी चाहिए। डिलीवरी कर्मियों ने आगाह किया कि यदि उनकी मांगों को पूरा नहीं किया,तो अनिश्चितकालीन हड़ताल होगी। इस मौके पर रमन सिंह, हर्ष कोली, परमजीत सिंह, गुरविंदर सिंह, गुरदीप सिंह, सुमित नेगी, संदीप सिंह, अनुज कुमार, सुखचैन सिंह, पूरन लाल, हरपिदर सिंह, सरबजीत सिंह, सुनील सिंह, वीरेंद्र कोली, विशाल सिंह, हेमंत कुमार आदि मौजूद रहे।
————————–
कोड
स्टोर के सेल्स मैनेजर दीपेंद्र पाठक ने बताया कि गुरुवार की देर रात्रि से अचानक डिलीवरी कर्मियों ने हड़ताल का ऐलान कर दिया है। जिस कारण कामकाज पूरी तरह से ठप पड़ा है। कर्मियों की मांग उच्चस्तरीय मामला है और कर्मियों को समझाने का प्रयास किया जा रहा है। बावजूद इसके कंपनी के मुख्यालय को भी वर्तमान स्थिति से अवगत कराया दिया गया है। उम्मीद है कि कंपनी प्रबंधन जल्द ही वार्ता के माध्यम से कोई समाधान निकालने का प्रयास कर रही है और पुन: कामकाज सुचारू होगा।