दिनदहाड़े अपहरण का प्रयास,जांच में जुटी पुलिस
-नैनीताल-रामपुर हाईवे का है मामला
-यूपी नंबर की है गाड़ी,वीडियो की जांच शुरु
ख़बर तफ्तीश रुद्रपुर।दिनदहाड़े अपहरण का प्रयास,जांच में जुटी पुलिसकोतवाली रुद्रपुर और एसएसपी कैंप कार्यालय से चंद कदमों की दूरी पर दिनदहाड़े एक युवक को सरेराह अपहरण की कोशिश का मामला सामने आया है। प्रकरण की वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने भी जांच और यूपी नंबर की गाड़ी की तफ्तीश शुरू कर दी है। हालांकि पुलिस का कहना है कि अभी तक कोई शिकायती पत्र नहीं मिला है। बावजूद इसके पुलिस जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार बुधवार की शाम पांच बजे सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल होती है। वीडियो में साफतौर पर दिख रहा है कि कोतवाली और एस एसपी आवास कार्यालय के बेहद नजदीक रामपुर-नैनीताल हाईवे किनारे यूपी 35 ए ई 34 नंबर की एक गाड़ी से एक युवक निकलता है और लपक कर हाईवे पार कर रहे एक युवक को खींचकर गाड़ी की तरफ ले जाने का प्रयास करता है। काफी जद्दोजहद के बाद युवक चलता टुकटुक पकड़कर भागने लगता है और युवक फौरन कार में बैठकर फरार हो जाता है। जिसकी भनक लगते ही रामपुरा चौकी और कोतवाली पुलिस चौकन्नी हो गई और वायरल वीडियो के आधार पर मामले की जांच शुरु कर दी। कोतवाल प्रकाश दानू ने बताया कि फिलहाल वीडियो की सत्यता की जांच जारी है और अभी तक कोई शिकायती पत्र भी सामने नहीं आया है। बावजूद इसके पुलिस प्रकरण की जांच कर रही है और जांच के बाद कठोर कार्रवाई होगी।
——————–