किसानों का जाम,फंसे यात्री और स्कूली बच्चे हुए परेशान
-काशीपुर हाईवे पर लगा रहा ढाई घंटे का जाम
-समझती रही पुलिस,बहता रहा लोगों का पसीना
खबर तफ्तीश रुद्रपुर।
-प्रशासनिक अधिकारियों की लापरवाही कहे या फिर किसानों का गुस्सा। जिसका खामियाजा यात्रियों और स्कूली बच्चों को भुगतना पड़ा,क्योंकि किसानों द्वारा काशीपुर हाईवे पर लगाए गए जाम में जहां यात्रियों और छोटे-छोटे स्कूली बच्चों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं गर्मी के कारण पुलिस और बच्चों को भी पसीना बहाना पड़ा।
दरअसल सोमवार की सुबह नौ बजे से कई किसान संगठनों द्वारा गल्ला मंडी में सभा और सक्षम अधिकारी को ज्ञापन देने का कार्यक्रम प्रस्तावित था,लेकिन एक बजे तक जब कोई सक्षम अधिकारी नहीं आया। तो गुस्साए किसानों ने दोपहर एक बजे के करीब काशीपुर हाईवे पर जाम लगा दिया और हाईवे के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। जाम में जहां रोडवेज की बसे भी थी। वही छुट्टी होने के बाद स्कूली बसे भी जाम में फंस गई। एक तरफ पुलिस अधिकारी किसानों को समझा बुझाकर जाम खुलवाने की मशक्कत कर रहे थे। वहीं रोडवेज बस में यात्री बेहाल हो रहे थे और दूसरी तरफ छोटे-छोटे बच्चों को भी गर्मी का सामना करना पड़ रहा था। हालत इतनी खराब हो चुकी थी कि यात्री पैदल ही त्रिशूल चौक की तरफ जाने लगे और स्कूली बच्चे खिडकी से सिर बाहर निकाल कर गर्मी से राहत पाने की कोशिश कर रहे थे। बावजूद इसके ढाई घंटे तक चले जाम से लोगों के अलावा स्कूली बच्चों की फजीहत हुई।
