जहरीला भोजन:-पंतनगर विवि फूड प्वाइजनिंग प्रकरण में मुकदमा दर्ज
-पटेल छात्रावास के छात्रों की बिगड गई थी हालत
-10 जून को खाया था स्पेशल डाइट मटर-पनीर
- खबर तफ्तीश रुद्रपुर।
पंतनगर विश्वविद्यालय छात्रावास में फूड प्वाइजनिंग प्रकरण में पंतनगर विवि प्रशासन भी संजीदा हो गया है और जहरीला खाना प्रकरण के दोषियों पर कार्रवाई का मन बना चुका है। यहीं कारण है कि कुलपति के आदेश पर कार्यवाहक निदेशक प्रशासन एवं अनुश्रवण की तहरीर पर थाना पंतनगर पुलिस ने मुकदमा पंजीकृत कर लिया है और प्रकरण की कई प्रकार से तफ्तीश करने का निर्णय लिया है। ऐसे में माना जा रहा है कि पुलिस जांच में प्रकरण के दोषियों पर कठोर कार्रवाई होना तय है।
बताते चले कि 10 जून को पंतनगर विवि के पटेल भवन छात्रावास में भोजन सप्लाई ठेकेदार द्वारा स्पेशल डाइट बनाई गई थी। जिसमें मटर-पनीर की सब्जी छात्रा के विद्यार्थियों को परोसी गई थी। करीब 100 से अधिक विद्यार्थियों ने स्पेशल खाने का सेवन किया और रात्रि करीब बजे विद्यार्थियों को उल्टी और पेट में दर्द की शिकायत होने लगी और देखते ही देखते छात्रावास में चीख पुकार मचने लगी और विद्यार्थियों की हालत नाजुक बन गई। जिसकी भनक लगते ही पंतनगर विवि प्रशासन में हड़कंप मच गया और फौरन कुलपति के आदेश पर विवि की स्वास्थ्य विभाग की कई टीमों को रवाना करते हुए पंतनगर विवि के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां कुछ विद्यार्थियों की नाजुक हालत को देखते हुए हल्द्वानी रेफर कर दिया। मामला इतना गंभीर हो गया कि आखिरकार पंतनगर विवि प्रशासन को सख्त निर्णय लेने पडे और फौरन भोजन आपूर्ति फर्म यानी ठेकेदार का लाइसेंस निलंबित कर जांच कमेटी का गठन कर दिया। उधर,कुलपति के आदेश पर कार्यवाहक निदेशक प्रशासन एवं अनुश्रवण अनिल कुमार शर्मा ने थाना पंतनगर पुलिस को तहरीर देकर घटनाक्रम से अवगत कराया और मुद्दा उठाया कि जहां एक ओर प्रकरण की पंतनगर विवि प्रशासन और जिला पूर्ति अधिकारी स्तर पर तफ्तीश हो रही है। वहीं पुलिस भी प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए जांच करें। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा पंजीकृत कर लिया और थाना प्रभारी नंदन सिंह रावत ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज हो चुका है। जल्द ही एक जांच अधिकारी नियुक्त कर पंतनगर विवि छात्रावास भेजा जाएगा। जहां फूड टेस्टिंग रिपोर्ट के आधार पर पुलिस अपनी तफ्तीश करेगी।
———————
कोट
प्रारंभिक जांच में भोजन की गुणवत्ता खराब
रुद्रपुर। जैसे ही पटेल भवन छात्रा के विद्यार्थियों को फूड प्वाइजनिंग की दिक्कत आने लगी। वैसे ही विवि प्रशासन ने विद्यार्थियों को अस्पताल में भर्ती कराते हुए फौरन एक टीम को खाने की गुणवत्ता की जांच करने का आदेश दिया। प्रारंभिक जांच में पता चला कि मैस की साफ-सफाई ठीक नहीं थी और विद्यार्थियों को दिया जाने वाले भोजन की गुणवत्ता नियमानुसार सही नहीं थी। जिसके बाद प्रशासन ने मटर-पनीर के सैंपल सुरक्षित कर लिया और जांच को फूड लैब भेज दिया था। साथ ही जांच समिति का गठन कर तीन दिन के अंदर रिपोर्ट प्रेषित करने का आदेश भी कुलपति द्वारा दिया गया। इसके अलावा डीएसओ को भी एक शिकायती पत्र देकर जांच करने का मुद्दा उठाया।
—————-
कोट
विद्यार्थियों की हालत में आया सुधार
रुद्रपुर। 10 जून को मटर-पनीर की सब्जी खाते ही फूड प्वाइजनिंग के शिकार विद्यार्थियों का अविलंब उपचार कराने के बाद विद्यार्थियों की हालत में सुधार आना शुरू हो गया है। अस्पताल में भर्ती ज्यादातर विद्यार्थियों की हालत सामान्य होने के बाद उन्हें पुन पटेल भवन के छात्रावास में आवासित करना शुरू कर दिया है और कुछ विद्यार्थियों का उपचार जारी है। पंतनगर विवि प्रशासन का कहना है कि जल्द ही सभी विद्यार्थियों को छात्रावास में शिफ्ट कर दिया जाएगा और भविष्य में इस प्रकार की पुनरावृत्ति नहीं हो। इसके लिए एक जांच टीम प्रतिदिन खाने की गुणवत्ता की जांच करेगी और खान की सप्लाई करने वाले ठेकेदार से प्रतिदिन की रिपोर्ट भी मांगेगी।
——————