फिर वसूली के आरोपों में घिरे निष्कासित भाजपा नेता
-विकास के खिलाफ आई दूसरी तहरीर
-भाजपा एससी मोर्चा महामंत्री था विकास
खबर तफ्तीश,रुद्रपुर।भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के जिला महामंत्री रहे विकास सागर एक बार फिर ओवरलोड डंपर अवैध वसूली के आरोप में घिर चुके है। पुलिस के नाम पर अवैध वसूली की पहली तहरीर पर मुकदमा पंजीकृत होने के बाद अब एक डंपर संचालक ने दूसरी तहरीर देकर राजनीतिक हलचल पैदा कर दी है। जिसके बाद आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया है।
बताते चले कि दो माह पहले रामसिंह नाम के एक डंपर संचालक ने भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के जिला महामंत्री विकास सागर पर ओवरलोड डंपर संचालन के नाम पर 70 हजार रुपये की अवैध वसूली करने का आरोप मढ़ा था। आरोप था कि जब पुलिस ने चेकिंग के दौरान डंपर पकड़ा। तो भाजपा नेता ने छुडाने के नाम पर अवैध वसूली मांगी,जबकि हकीकत यह थी कि वह हर माह आरोपी को पैसा देता रहता था। मामला इतना गर्माया कि पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने मोर्चा खोल दिया और दबाव पड़ने पर कोतवाली पुलिस ने पहली तहरीर पर मुकदमा पंजीकृत करते हुए तफ्तीश शुरू कर दी थी। अभी मामला ठंडा भी नहीं हुआ था कि गांव सरोवर नगर गदरपुर निवासी वरीस अहमद ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर हलचल मचा डाली। यहीं नही पुलिस को ऑडियो रिकॉर्डिंग व ऑनलाइन लेनदेन के साक्ष्य भी पेश किये है। अब देखना यह है कि पुलिस से सांठगांठ कर ओवरलोड डंपर से अवैध वसूली करने वाले भाजपा से निष्कासित भाजपा नेता के खिलाफ पुलिस क्या कार्रवाई करेगी और भाजपा नेता खुद का दामन कैसे साफ करेंगे।
———————–