सरकारी टीचर का घर खंगाला,10 लाख के आभूषण चोरी
-कोतवाली के भुरारानी इलाके की है घटना
-तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज
ख़बर तफ्तीश रुद्रपुर।सितारगंज में तैनात एक सरकारी टीचर के घर धावा बोलते हुए चोरों ने लाखों रुपये के आभूषण सहित नगदी चोरी कर ली। सूचना मिलते ही पुलिस ने घटनास्थल का मौका मुआयना किया और सीसीटीवी में कैद संदिग्धों की तलाश तेज कर दी है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार अशोक वाटिका भुरारानी वार्ड-32 निवासी सुरेंद्र सिंह एक सरकारी शिक्षक और सितारगंज में तैनाती है। नौ जून को वह अपनी पत्नी का ऑपरेशन कराने रुद्रपुर के प्राइवेट अस्पताल गए थे और घर में ताला लगा हुआ था। जिसका फायदा उठाते हुए 10 जून की रात्रि ढाई बजे चार संदिग्ध मुख्य गेट का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश करते है और अलमारी का लॉकर तोड़कर चार तोला सोना,300 ग्राम चांदी और 50 हजार की नगदी चोरी कर लेते है। शिक्षक ने बताया कि अलमारी में सोने का एक हार,एक जोडी सोने के कुंडल,सोने की चेन,एक सोने का पैडल,सोने की अंगूठी ,चांदी की एक जोडी पायल सहित नगदी रखी हुई थी। चोरों ने करीब 10 लाख रुपये कीमत के आभूषण की चोरी को अंजाम दिया है। सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस ने मौका मुआयना किया और घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरे को खंगाला। तो पता चला कि घटना वाली रात्रि चार संदिग्ध कॉलोनी के ईद गिर्द घूमते हुए दिखाई दे रहे है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर तलाश तेज कर दी है।
——————–