70 रुपये लीटर डीजल का झांसा,एक लाख रुपये हड़पे
-रेलवे ठेकेदार बनकर बनाया बेवकूफ
-पंप कर्मियों की मिलीभगत,मुकदमा दर्ज
ख़बर तफ्तीश रुद्रपुर।
:-प्रीत बिहार के रहने वाले एक व्यक्ति को कम दामों पर डीजल खरीदना महंगा पड़ गया। झांसा देने वालों ने व्यक्ति से एक लाख रुपये का भुगतान भी करवा लिया और दो हजार लीटर डीजल भी नहीं दिया। शिकायतकर्ता का आरोप था कि कॉलर खुद को एल एंड टी कंपनी का मैनेजर बता रहा था और रेलवे का ठेकेदार भी बोल रहा था। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार वार्ड-25 प्रीत विहार कॉलोनी निवासी राजपाल ने बताया कि 23 मई की सुबह दस बजे उसके मोबाइल पर एक कॉल आती है। कॉलर खुद को एल एंड टी कंपनी का मैनेजर बोल रहा था कि बताया कि वह रेलवे में ठेका लेकर काम भी करता है। बताया कि उसके पास सस्ता डीजल है और वह 70 रुपये के हिसाब से डीजल मुहैया करा सकता है। बातों पर विश्वास करते हुए राजपाल ने दो हजार लीटर डीजल का ऑर्डर दिया और खाते में एक लाख रुपये का भुगतान भी कर दिया। कॉलर द्वारा यह भी बताया था कि डीजल इंदिरा चौक रुद्रपुर स्थित एचपी पेट्रोल पंप से मुहैया हो जाएगा। जब वह पेट्रोल पंप पर पहुंचा और कर्मियों से पूछा। तो पंप कर्मियों ने बताया कि दो हजार लीटर डीजल देने का मैसेज प्राप्त हो चुका है और जैसे ही वह कैन भरकर जाने लगा। तो पंप कर्मियों ने उसके रोक लिया और डीजल के पैसे मांगने लगा। जब उसने मैसेज भी दिखाया,लेकिन पंप कर्मी नहीं माने और डीजल भी वापस कर लिया। पंडित का आरोप था कि डीजल ठगी मामले में कंपनी का प्रबंधक और पेट्रोल पंप कर्मियों की मिलीभगत है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।