हमला या हादसा:-तो क्या भाजपा नेता-भाई ने किया हमला

-स्कूटी को मारी टक्कर,फिर किया जानलेवा हमला
-अभिषेक-जतिन की हालत नाजुक,कोतवाली में हंगामा
ख़बर तफ्तीश रुद्रपुर।
शुक्रवार की देर रात्रि भाजपा नेता के भाई की स्कॉर्पियो हाईवे पर कहर बन दौड़ी और स्कूटी सवार युवकों को टक्कर मार दी। जिसके बाद दो युवकों की हालत नाजुक बनी हुई है,जबकि परिवार के लोगों का आरोप था कि भाजपा नेता और उसके भाई ने पुरानी रंजिश के चलते जानलेवा हमला किया। गुस्साए वाल्मीकि समुदाय के लोगों ने कोतवाली का घेराव कर डाला और जमकर हंगामा काटा और कोतवाली पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा पंजीकृत कर लिया।
बता दे कि शुक्रवार की रात्रि दस बजे गांधी कॉलोनी निवासी रिश्ते में भाई अभिषेक वाल्मीकि और जतिन कुमार अपनी स्कूटी से काशीपुर फ्लाईओवर पर घूमने के लिए निकले थे कि अचानक स्कॉर्पियो संख्या यूके 06 बीआर 0018 ने स्कूटी को टक्कर मार दी। उस वक्त गाड़ी में भाजपा नेता का भाई सन्नी चुघ सवार था और दोनों युवक जमीन पर लहूलुहान हालत में पड़े थे। घायलों को प्राइवेट अस्पताल ले जाया गया। जहां अभिषेक को बरेली रेफर कर दिया,जबकि जतिन की हालत भी बेहद नाजुक बनी हुई है। शनिवार की दोपहर को बड़ी संख्या में वाल्मीकि समुदाय के लोगों ने कोतवाली का घेराव कर डाला और गांधी कॉलोनी निवासी अंकित ने तहरीर सौपी। हंगामे के दौरान परिवार का कहना था कि पिछले कुछ दिन पहले घायलों की सन्नी चुघ से कहासुनी हो गई थी और सन्नी ने ही योजनाबद्ध तरीके से स्कूटी को टक्कर मारी और लोहे की राड से सिर पर कई प्रहार किए। इसके साथ ही अपने भाई भाजपा नेता पारस चुघ को भी फोन कर बुलाया। पारस साथियों के साथ आता है और जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए हमला बोल देता है। आरोप था कि घटना हादसा नहीं,बल्कि हत्या की कोशिश का मामला है और यदि पुलिस ने कठोर कार्रवाई नहीं की। तो शहर की सफाई व्यवस्था को ठप कर कोतवाली में धरना प्रदर्शन होगा। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा पंजीकृत कर जांच शुरु कर दी है।———————-
कोड
हाथ जोड रोती बिलखती रही मां
रुद्रपुर। हमला या हादसा प्रकरण में बेहद गंभीर रूप से घायल अभिषेक वाल्मीकि की मां पूजा देवी कोतवाली में हाथ जोड़कर अभियुक्तों के खिलाफ कार्रवाई की गुहार लगा रही थी। कहना था कि अभिषेक तीन बहनों का इकलौता भाई और उसके बुढ़ापे का इकलौता चिराग भी है। पति की मौत के बाद अभिषेक ही परिवार का सहारा है। ऐसे में अभियुक्तों के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई। तो वह कोतवाली के सामने सुसाइड कर लेगी। इस दौरान अभिषेक की बहन भी रोती बिलखती दिखाई दी।
——————–
बोला अंकित:-मेरे सामने हुआ था हमला
रुद्रपुर। शिकायतकर्ता अंकित का कहना था कि सात अगस्त की रात्रि घटना के वक्त वह फौरन मौके पर पहुंचा था और उस समय भाजपा नेता का भाई लोहे की राड से हमला कर रहा था,जब कि भाजपा नेता पारस चुघ सत्ता की हनक दिखाते हुए अशोभनीय जातिसूचक शब्दों का प्रयोग कर धमका रहा था और जबरन स्कॉर्पियो की चाबी भी छीन ली थी। वह वारदात का चश्मदीद है।
—————
बोले शाखा अध्यक्ष:-नहीं हुई कार्रवाई,तो सडा देगे रुद्रपुर
रुद्रपुर। नगर निगम के पर्यावरण मित्र यूनियन के शाखा अध्यक्ष सोनू मुलतानी ने कहा कि घायलों के मुखिया निगम में पर्यावरण मित्र है। ऐसे में भाजपा नेता व भाई द्वारा हमला किए जाने की बात सामने आई है। यदि पुलिस ने कठोर कार्रवाई में लापरवाही बरती। तो निगम की सफाई व्यवस्था ठप कर दी जाएगी और शहर को सड़ा दिया जाएगा।
——————-
बोले सीओ:-पुलिस कर रही है मामले की जांच
रुद्रपुर। सीओ सदर विभव सैनी ने बताया कि तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है और जल्द ही हॉस्पिटल जाकर घायलों के बयान दर्ज करने का भी प्रयास करेगी। फिलहाल पुलिस घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाल रही है और जांच के बाद कार्रवाई करेगी।
——————-
कोड
बोले भाजपा नेता:-रात्रि था महज एक हादसा था
रुद्रपुर। भाजपा नेता पारस चुघ का कहना था कि शुक्रवार की रात्रि हादसे के वक्त भाई सन्नी गाड़ी में बैठा था। घटना महज एक हादसा है और उनके द्वारा खुद पुलिस के सामने ही घायलों को प्राइवेट अस्पताल पहुंचाया था। परिवार के आरोप बेबुनियाद है और पुलिस जांच करती है।
——————