मुठभेड़:-पुलिस की गोली से घायल हुआ कुख्यात शार्प शूटर जितेंद्र
-दो अभियुक्त भी गिरफ्तार,तमंचा-कारतूस बरामद
-एक हुआ फरार,गोलीबारी का था मुख्य आरोपी
खबर तफ्तीश ,रुद्रपुर।
एक बार फिर बदमाशों को गोली का जवाब गोली से देते हुए कोतवाली पुलिस ने जून माह में हुई गोलीबारी के मुख्य आरोपी को मुठभेड़ में घायल कर दिया,जबकि उसके दो साथियों की गिरफ्तारी भी की। अंधेरे का फायदा उठाते हुए चौथा बदमाश फरार हो गया। पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां एक पैर में पुलिस की गोली लगी है। अभियुक्त के कब्जे से भारी मात्रा में तमंचे और जिंदा कारतूस भी बरामद किये है। पुलिस अभिरक्षा में अभियुक्त का उपचार चल रहा है।
बता दे कि 21 जून को कोतवाली इलाके के गाबा चौक पर कार सवार पर डिबडिबा बिलासपुर यूपी निवासी कुख्यात बदमाश एवं शार्प शूटर जितेद्र उर्फ विरत चौधरी ने ऐश प्रीत सिंह नाम के युवक की कार पर तबाड तोड फायरिंग कर हत्या करने का प्रयास किया था। इसके अलावा पुल भट्टा में हुए गोलीकांड में भी अभियुक्त का नाम सामने आया और पुलिस पिछले कई दिनों से बदमाश की सरगर्मी से तलाश कर रही थी कि 13 जुलाई की तडके तीन से चार बजे खबर मिली कि शार्प शूटर अपने गिरोह के साथ फिर संगीन वारदात को अंजाम देने के निकला है। जिसके बाद फौरन पुलिस की संयुक्त टीम बनी और जाफरपुर रोड काशीपुर हाईवे पर बिना नंबर प्लेट की कार को रोकने का प्रयास किया। तो बदमाशों ने पुलिस टीम पर गोलीबारी शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई करते हुए पुलिस की तरफ से भी कई राउंड गोलीबारी हुई और एक गोली मुख्य आरोपी जितेंद्र उर्फ विरत चौधरी के पैर पर लगी,जबकि फुलसुंगा निवासी सुमित राठौर और सुभाष कॉलोनी बिलासपुर यूपी निवासी चंदन लाल ने खुद को पुलिस के हवाले कर दिया और चौथा बदमाश निरंजन टाकुली उर्फ नीरू टाकुली अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहा। पुलिस ने मौके से 315 बोर के तीन तमंचे,आठ जिंदा कारतूस व तीन मोबाइल बरामद किए और एक सफेद कार को भी सीज कर दिया। घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां एसएसपी अजय गणपति कुंभार ने आकर मुठभेड़ की जानकारी ली।
———————
कोड
गैगवार की हुई दो घटनाएं
रुद्रपुर। कुख्यात बदमाश एवं शार्प शूटर जितेंद्र उर्फ विरत चौधरी एक आदतन बदमाश है और खुद का संगठित गिरोह संचालित करता है। सीमावर्ती यूपी का होने के बाद भी उसका कोतवाली रुद्रपुर और कोतवाली किच्छा में वर्चस्व की लडाई चल रही है। यहीं कारण है कि प्रतिद्वंद्वी का खात्मा करने के मकसद से 21 जून को मुख्य अभियुक्त ने कार सवार ऐश प्रीत पर ताबड़तोड़ गोलीबारी की थी और 30 जून को ही अपने साथियों के थाना पुलभट्टा इलाके में अपने दुश्मन को निशाना बनाते हुए गोलीबारी की वारदात को अंजाम दिया था। गोलीबारी में एक महिला और एक राहगीर गोली लगने से घायल हो गए थे। बावजूद इसके अभियुक्त कोतवाली इलाके में गोपनीय ढंग से आता-जाता रहता था।
——————
कोड
जितेंद्र-चंदन और नीरज पर कई मुकदमे
रुद्रपुर। पुलिस मुठभेड़ में घायल शार्प शूटर जितेंद्र और उसका गिरोह एक आदतन और शातिर बदमाश है। यहीं कारण है कि जितेंद्र पर थाना बिलासपुर यूपी में तीन,कोतवाली रुद्रपुर में पांच, थाना दिनेशपुर में एक,पुलभट्टा में एक मुकदमा दर्ज है। दूसरे अभियुक्त सुमित राठौर के खिला फ रुद्रपुर में आर्म्स एक्ट का एक,रुद्रपुर कोतवाली में तीन,फरार चल रहे चंदेन फार्म बिलासपुर निवासी निरंजन टाकूली उर्फ नीरु टाकुली पर थाना दिनेशपुर में एक,पुलभट्टा में एक और कोतवाली रुद्रपुर में एक मुकदमा पंजीकृत है।
——————-
बोले कप्तान:-गोली का जवाब गोली से देगी पुलिस
रुद्रपुर। एसएसपी अजय गणपति कुंभार ने कहा कि यूपी हो या फिर बाहरी प्रदेशों के बदमाशों को अब गोली का जवाब गोली से दिया जाएगा। गोली से घायल जितेंद्र उर्फ विरत चौधरी एक संगठित गिरोह संचालित करता है और पुलभट्टा और रुद्रपुर गोलीबारी का मुख्य आरोपी भी है। पिछले कई दिनों से पुलिस सरगर्मी से खोज रही थी,लेकिन सभी बदमाश फरार चल रहे थे, लेकिन रविवार की तडके मिली सटीक सूचना पर बदमाशों और पुलिस का आमना सामना हुआ। आत्मरक्षा में पुलिस की कार्रवाई में बदमाश घायल हुआ है।
———————