एससी का मिले दर्जा,सुब्रत ने मुंडवाए सिर के बाल
-पीएम को भेजेंगे कटे हुए बाल
-बंगाली समुदाय ने निकाली भड़ास
संवाददाता,रुद्रपुर।
अमृत विचार:-बंगाली समुदाय को अनुसूचित जाति का दर्जा देने का मुद्दा उठाते हुए बंगाली समुदाय के नेताओं का अनिश्चितकालीन धरना जारी है। शासन-प्रशासन की अनदेखी से खफा बंगाली नेता ने अपने सिर के बाल मुडवा डाले और कटे हुए बालों को पीएम को भेजने का ऐलान किया। उन्होंने आगाह किया कि यदि समाज को एससी का दर्जा नहीं दिया,तो उग्र आंदोलन होगा।
बताते चले कि बंगाली उत्थान समिति के अध्यक्ष सुब्रत विश्वास की मौजूदगी में पिछले कई दिनों से किच्छा बाईपास स्थित रविंद्रनाथ टैगोर की प्रतिमा के सामने बंगाली नेता अनिश्चितकालीन धरना दे रहे है। उनकी एक सूत्रीय मांग है कि बंगाली समाज को सामाजिक न्याय,अनुसूचित जाति के अधिकार,भाषा संरक्षण एवं नागरिक सम्मान के लिए एससी का दर्जा दिया है। कई दिनों के आंदोलन के बाद रविवार को समिति के अध्यक्ष सुब्रत विश्वास के अलावा सुभाष राय] डॉ सुनील हालदार] निपेन विश्वास]राजू विश्वास,धीरज विश्वास ने भी सिर मुडवा कर अपना विरोध जताया। उनका कहना था कि बडी विडम्बना है कि ऊधमसिंह नगर में सबसे ज्यादा बंगाली समुदाय के लोग रहते है और इंटरमीडिएट की पढाई तक बंगाली समुदाय के छात्र को एससी का दर्जा दिया जाता है,लेकिन ग्रेजुएशन या फिर नौकरी आवेदन में एससी से वंचित रखा जाता है। इसके अलावा पिछले कई दशकों से बंगाली समुदाय एससी का मुद्दा उठा रहा है। बावजूद इसके भाजपा हो या फिर कांग्रेस की केंद्र शासित और राज्य शासित सरकार ने हमेशा अनदेखी की है। बंगाली समुदाय को पार्टी में बांटकर फूट डालने का काम किया है। उन्होंने बंगाली समुदाय से संगठित होकर आने वाली युवा पीढ़ी का उद्धार करने का आह्वान किया। कहा कि मुडन के बाद कटे बालों को ज्ञापन के साथ पीएम मोदी और सी एम धामी को प्रेषित किया जायेगा और इसके बाद भी मांग पूरी नहीं होती है। तो बंगाली समुदाय उग्र आंदोलन को बाध्य होगा। इस मौके पर किशोर हल्दार,आरबी राय,हरीश कुमार,आरएन दोहरा,तरुण विश्वास, आदि मौजूद रहे।
—————-