Headlines

भाजपा मंडल महामंत्री व भाई की गिरफ्तारी नहीं होने पर बवाल

भाजपा मंडल महामंत्री व भाई की गिरफ्तारी नहीं होने पर बवाल
-रुद्रपुर घेर डाली कोतवाली,सांकेतिक लगाया जाम
-समझाती रही पुलिस,दोपहर दो बजे का अल्टीमेटम
ख़बर तफ्तीश रुद्रपुर।
गांधी कॉलोनी के रहने वाले दो युवकों पर हुए हमले का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। भाजपा मंडल महामंत्री और उसके भाई की गिरफ्तारी नहीं होने से भड़के वाल्मीकि समुदाय की भीड़ ने रुद्रपुर कोतवाली घेर डाली और धरना प्रदर्शन के साथ नैनीताल हाईवे पर सांकेतिक जाम लगा डाला। जिसकी भनक लगते ही सीओ,कोतवाली सहित पुलिस फोर्स ने लोगों को समझाने का भरकस प्रयास किया,लेकिन समुदाय गिरफ्तारी की मांग पर अड़ा रहा। कई घंटे तक बवाल चलता रहा। काफी जद्दोजहद के बाद लोगों ने सोमवार दोपहर दो बजे का अल्टीमेटम दिया।
बता दे कि गांधी कॉलोनी निवासी अंकित ने मुकदमा दर्ज कराया था कि सात अगस्त की रात्रि भाई अभिषेक वाल्मीकि और बुआ का बेटा जतिन स्कूटी से फ्लाईओवर के समीप घूमने गए थे कि भुरारानी निवासी सन्नी चुघ ने स्कॉर्पियो संख्या यूके-06 बीआर-0018 से टक्कर मारी और फिर लोहे की राड से खून से लथपथ अभिषेक-जतिन पर हमला बोल दिया और फिर अपने भाई भाजपा मंडल महामंत्री पारस चुघ को बुलाया। पारस ने भी साथियों के साथ हमला किया और जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया,जबकि अभिषेक बरेली और जतिन रुद्रपुर अस्पताल में भर्ती है और हालत बेहद नाजुक बनी हुई है। रविवार की दोपहर बारह बजे वाल्मीकि समुदाय ने सफाई व्यवस्था ठप करने का ऐलान करता है और समाज की भीड़ ने कोतवाली का घेराव कर डाला और धरना प्रदर्शन कर गिरफ्तारी नहीं होने पर अपनी भड़ास निकाली। सूचना मिलते ही सीओ अखिलेश कुमार और कोतवाल प्रकाश दानू पुलिस फोर्स के साथ पहुंचे और समझाने का प्रयास किया। देखते ही बवाल होने लगा और तीखी नोकझोंक के साथ ही पुलिस-लोगों में धक्का मुक्की होने लगी और गुस्साए लोगों ने नैनीताल हाईवे पर सांकेतिक जाम भी लगा दिया। साढ़े चार घंटे बवाल के बाद आखिरकार पुलिस ने एक दिन का समय मांगा,तो समुदाय ने मह ज दोपहर दो बजे का अल्टीमेटम दिया और ऐलान किया कि भाजपा नेता व भाई की गिरफ्तारी नहीं हुई। तो नैनीताल हाईवे जाम कर उग्र आंदोलन होगा।
———————
मां हुई बेहोश,बिगड़ने लगे हालात
रुद्रपुर। बवाल के दौरान जैसे ही जिंदगी-मौत से जूझ रहे इकलौते बेटे अभिषेक की मां पूजा गश खाकर कोतवाली परिसर में गिरी। वैसे ही वाल्मीकि समाज का आक्रोश भड़क गया और आनन फानन में पुलिस ने टुकटुक रोककर अस्पताल पहुंचाया। तो लोगों ने कोतवाली के सामने नैनीताल हाईवे जाम कर डाला। आरोप था कि पिछले तीन दिन से घायल की मां हाथ जोड़कर कार्रवाई का मुद्दा उठा रही है,लेकिन पुलिस ने कोई गिरफ्तारी नहीं की। जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाए गा।
———————
हड़ताल शुरु,हर व्यक्ति करेगा कार्य बहिष्कार
रुद्रपुर। पारस-सन्नी गिरफ्तारी प्रकरण में वाल्मीकि समाज के हर संगठन ने अपना समर्थन दिया है और सोमवार को नगर निगम पर्यावरण मित्र यूनियन के शाखा अध्यक्ष सोनू मुल्तानी ने ऐलान किया कि रविवार की दोपहर से सफाई व्यवस्था बंद है और सोमवार को किसी भी विभाग या फिर कार्यालय में काम करने वाला बाल्मीकि समुदाय का कर्मी कार्य बहिष्कार पर रहेगा और दोपहर दो बजे के आंदोलन में शामिल होगा और वाल्मीकि समाज आर-पार की लड़ाई लड़ने को तैयार है।
——————–
महापौर-कांग्रेस नेता में हुई धक्का मुक्की
रुद्रपुर। वाल्मीकि समुदाय के आंदोलन की भनक लगते ही महापौर विकास शर्मा,पूर्व मेयर राम पाल सिंह के साथ कोतवाली आते है। जहां कांग्रेस नेता मोहन खेड़ा भी मौजूद थे। गिरफ्तारी के मुद्दे को लेकर पहले नेता हमदर्द बनने की कोशिश करने लगे और थोडी देर बाद ही एक दिन का समय देने की बात पर महापौर व कांग्रेस नेता में बहसबाजी हुई और धक्का मुक्की के साथ ही हाथापाई की नौबत आने लगी और पुलिस ने बीच बचाव कर मामला शांत कराया। जिसे देखकर पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने बीच बचाव किया और नेताओं को समझाया कि समाज की भावनाओं के अनुसार ही आंदोलन किया जाए।
——————–
जब महापौर ने कर दिया ऐसा ऐलान
रुद्रपुर। चर्चा थी कि घायल युवक नगर निगम पर्यायवरण मित्र के बेटे है और परिवार का मुखिया ही मामले को लेकर नहीं आया। तो सोमवार को महापौर विकास शर्मा जैसे ही अभिषेक की मां से मिलने लगे। तो जोर से आवाज आई कि महापौर समाज के साथ नहीं है। इसको लेकर महापौर ने कहा कि यदि कोई साबित कर दे कि वह वाल्मीकि समाज के साथ नही है। तो वह कुर्सी भी छोड देगे। जिसे सुनकर समाज भी हैरान रह गया।
————————
36 घंटे बाद भी नहीं आया अभिषेक को होश
रुद्रपुर। जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष करते घायल अभिषेक पिछले 36 घंटे मूर्छित अवस्था में पड़ा है और रुद्रपुर से बरेली रेफर करने के बाद भी घायल को होश नहीं आया। चर्चा यह भी है कि घायल को ऋषिकेश या फिर दिल्ली रेफर किया जा सकता है। वहीं डॉक्टरों का कहना है कि अभिषेक के सिर पर गंभीर चोट है और नियंत्रण करने का स्तर बेहद ही कम है। यहीं कारण है कि घायल को हायर सेंटर रेफर करने की सलाह दी गई है।
———————-

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *