चोरी का शक: युवक पर थर्ड डिग्री, अधमरा कर छोड़ा

चोरी का शक: युवक पर थर्ड डिग्री, अधमरा कर छोड़ा

-पलाश से नाखून उखाड़ने का भी है आरोप

-गुस्साए परिवार ने सौंपा एसएसपी को पत्र

ख़बर तफ्तीश, रुद्रपुर

j

 एक बार फिर खाकी पर अमानवीय व्यवहार और क्रूरता करने का मामला सामने आया है। जहां एक युवक को महज सोने की चेन चोरी के संदेह पर पुलिस ने उठाया। उस पर थर्ड डिग्री का इस्तेमाल कर अधमरा कर परिवार के सुपुर्द कर दिया।

कोतवाली ट्रांजिट कैंप और आवास विकास पुलिस पर आरोप था कि परिवार के लोग युवक को बेगुनाह बताते रहे और पुलिस यातनाएं देती रही। युवक को प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई। पुलिस के इस अमानवीय व्यवहार के खिलाफ पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल के साथ लोग पुलिस कार्यालय पहुंचे और एसएसपी को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई का मुद्दा उठाया।

एसएसपी को पूर्व विधायक ने बताया कि वार्ड-22 रम्पुरा बस्ती का रहने वाला आकाश कार वाशिग सेंटर पर काम करता है। 14 जून को एक कार वाशिंग होने आयी और शाम के वक्त कार मालिक कार भी ले गया। शाम साढ़े पांच बजे के करीब थाना ट्रांजिट कैंप पुलिस वाशिंग सेंटर दुकान पर गयी और आकाश को उठाकर कोतवाली ले आयी। 15 जून को थोड़ी देर परिवार को सुपुर्द करने के बाद फिर 16 जून को बुला लिया। 17 जून की रात्रि साढ़े 10 बजे छोड़ दिया, लेकिन उस वक्त युवक मरणासन्न और अधमरी हालत में था।

आरोप था कि ट्रांजिट कैंप और आवास विकास पुलिस ने थर्ड डिग्री का इस्तेमाल किया और पलास से उसके दोनों पैर के अंगूठे के नाखून खींचे। जब मरणासन्न हालत हुई तो परिवार के सुपुर्द कर दिया। जिसका उपचार प्राइवेट अस्पताल में चल रहा है और युवक की हालत नाजुक बनी हुई है। गुस्साए परिवार के लोगों का कहना था कि यदि जल्द ही दोषी पुलिस कर्मियों पर कार्रवाई नहीं हुई तो पुलिस कार्यालय के सामने अनिश्चितकालीन धरना होगा।

इनसेट-

आखिर आकाश को पुलिस ने क्यों अधमरा किया ?

रुद्रपुर। आकाश दो माह पहले ही कार वाशिग सेंटर पर काम पर लगा था। 14 जून को किच्छा के रहने वाला एक व्यक्ति अपनी कार ले गया और शाम को कार धुलवा कर ले गया। ढाई घंटे बाद कार मालिक कार में रखी सोने की चेन गायब होने की शिकायत करने लगा। मामले की सूचना पुलिस को दी, जबकि परिवार का कहना है कि युवक ने चेन देखी और सुपरवाइजर को चैन देने लगा। सुपरवाइजर के कहने पर ही चेन को कार में रखा था। किसने चोरी की और कहां गई उसकी जानकारी नहीं है। अब सवाल यह है आखिरकार पुलिस ने उसे क्यों अधमरा किया। क्या सेंटर के सभी कर्मचारियों से पूछताछ होनी चाहिए थी या नहीं।

इनसेट-

बिना एफआईआर के कैसे थर्ड डिग्री

रुद्रपुर। पीड़ित की मां लक्ष्मी देवी ने बताया कि पुलिस ने बिना एफआईआर के उसके बेटे को पूछताछ के नाम पर उठाया और फिर थर्ड डिग्री देकर अधमरा कर दिया। 14 जून को उठाने के बाद पुलिस ने 15 जून की शाम को सुपुर्द कर दिया। फिर 16 जून को फोन कर बेटे को कोतवाली बुलाया। पूरी रात बेरहमी से पीटने-यातनाएं देने के बाद अचानक 17 जून की रात्रि को फिर सुपुर्द कर दिया। शिकायतकर्ता का आरोप था कि जब तीन दिन की पूछताछ में कोई साक्ष्य नहीं मिले तो पुलिस ने थर्ड डिग्री का प्रयोग क्यों किया।

आरोप-प्रत्यारोप की होगी जांच: एसपी सिटी

रुद्रपुर। एसपी सिटी उत्तम सिंह नेगी ने बताया कि थाना ट्रांजिट कैंप पुलिस को एक कार स्वामी द्वारा कार के अंदर रखी सोने की चेन चोरी का शिकायती पत्र मिला था। संदेह के आधार पर पुलिस ने आकाश नाम के युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की थी, लेकिन जिस प्रकार आरोपी के परिवार वाले थर्ड डिग्री देने का आरोप-प्रत्यारोप पुलिसकर्मियों पर लगा रहे है। इसकी जांच की जाएगी और जांच में आरोप सही सिद्ध होते हैं तो विभागीय कार्रवाई होगी। साथ ही आरोप सही नहीं पाए जाते हैं तो आरोपी युवक पर भी पुलिस कार्रवाई करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *